10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने पूरी की तैयारियां, शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर
आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 10 अगस्त को जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।


मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण, खून की कमी, कमजोरी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लक्षित बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

अभियान की निगरानी के लिए आरबीएसके एवं मॉनिटरिंग टीमों का गठन किया गया है। टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का भ्रमण कर कार्यक्रम के क्रियान्वयन और दवा सेवन की स्थिति की जांच करेंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कम से कम दो विद्यालयों का निरीक्षण कर एनडीडी कार्यक्रम की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, दवा वितरण एवं सेवन और कवरेज का सत्यापन किया जाएगा।


एनडीडी के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। शिक्षकों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को लक्षित बच्चों तक दवा पहुंचाने एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दवा खिलाने के निर्देश दिए गए हैं।


मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि 10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष तक के सभी पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव बच्चों को स्वस्थ रखने और उनके समुचित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *