खुद को पत्रकार बताकर दुकानदार से मांगता था रंगदारी, शिकायत पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

आजमगढ़ शहर

आजमगढ़। थाना फूलपुर पुलिस ने दुकानदार से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और कथित रूप से रंगदारी मांगने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्वयं को पत्रकार बताकर दुकानदार पर दबाव बनाता था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू और उनकी टीम ने मंगलवार देर रात ऊदपुर-दुल्हाघर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।


क्या है मामला
पुलिस के अनुसार चकनूरी निवासी प्रमोद मोदनवाल ने 26 जुलाई को थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया था कि 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनकी अंडे की दुकान पर आए संतोष पुत्र रामआसरे ने अंडा लेने के बाद पैसे मांगने पर खुद को पत्रकार बताते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि उसने बिना पैसे सामान देने और हर माह रुपये देने का दबाव बनाया तथा ऐसा न करने पर दुकान नहीं चलने देने और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 237/2026 के तहत धारा 308(5)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।


गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने संतोष पुत्र रामआसरे (45 वर्ष) निवासी ऊदपुर, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया है।


आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सरकारी कार्य में बाधा, रंगदारी, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्तमान प्रकरण सहित उसके विरुद्ध कुल चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, कांस्टेबल आदेश यादव तथा कांस्टेबल शुभम सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *