
सोमवार सुबह काम पर निकला था अनिल राम, कार्यस्थल तक नहीं पहुंचा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के परदेशी मोड़ के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खेत में एक राजगीर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमदही गांव निवासी 40 वर्षीय अनिल राम के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
काम पर जाने के दौरान हुआ लापता
जानकारी के अनुसार अनिल राम पेशे से राजगीर थे और इन दिनों तुलसीपुर गांव में निर्माण कार्य कर रहे थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह घर से काम के लिए निकले थे। रास्ते में गांव के शिवनाथ कन्नौजिया उन्हें बाइक से परदेशी मोड़ तक छोड़कर शहर की ओर चले गए। इसके बाद अनिल न तो कार्यस्थल पहुंचे और न ही देर शाम तक घर लौटे।
तलाश के बाद सुबह खेत में मिला शव
अनिल के घर न लौटने पर परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की। पिता जलधारी तुलसीपुर गांव स्थित कार्यस्थल पहुंचे, जहां जानकारी मिली कि अनिल सोमवार को काम पर पहुंचे ही नहीं थे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने परदेशी मोड़ के पास सड़क किनारे खेत में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अनिल राम के रूप में की।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अनिल राम अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव मिलने की खबर के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहानागंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।