
बघाड़ी नदी के पास हुआ दर्दनाक हादसा, दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक; दोनों घायलों का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार विनोद बनवासी की मौके पर मौत, हादसे से परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में बघाड़ी नदी के पास मंगलवार को बाइक और चारपहिया वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय विनोद बनवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चारपहिया वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बघाड़ी नदी के पास बाइक और चारपहिया वाहन के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार फरीहा गांव निवासी विनोद बनवासी (30), पुत्र सुरजू बनवासी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में सहरिया गांव निवासी सूरज (28), पुत्र महेंद्र और बृजेश (19), पुत्र चंद्रभान गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही वाहन छोड़कर फरार हुए चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।