
सफल अभ्यर्थियों की जल्द शुरू होगी काउंसिलिंग प्रक्रिया, समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध है परिणाम
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न व्यावसायिक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 21 जुलाई को आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समर्थ पोर्टल पर अपना परिणाम देखने और आगामी काउंसिलिंग प्रक्रिया के लिए तैयार रहने की अपील की है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि परिसर में आयोजित प्रवेश परीक्षाएं तीन पालियों में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई थीं। प्रथम पाली में बीसीए एवं एमएससी (जंतु विज्ञान), द्वितीय पाली में बीबीए, एमए (भूगोल) एवं एलएलएम तथा तृतीय पाली में बीए-एलएलबी एवं एमबीए (एबीएम) की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी।
प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. सियाराम शुक्ला ने बताया कि सभी संबंधित पाठ्यक्रमों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग का कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। काउंसिलिंग की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से नियमित रूप से पोर्टल का अवलोकन करते रहने की अपील की।
उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां एवं स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, वैध फोटो पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश शुल्क नकद अथवा ऑनलाइन माध्यम से विश्वविद्यालय में ही जमा किया जा सकेगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर काउंसिलिंग में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने तथा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल पर जारी सूचनाओं का नियमित अवलोकन करने की अपील की।