भरत मिलाप के साथ देवगांव की ऐतिहासिक रामलीला का समापन, निशु बाबा की प्रस्तुति ने बांधा समां

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


श्रीरामलीला सेवा संघ ने पत्रकार प्रशांत शुक्ला, गायक निशु बाबा समेत कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का प्रसंग देख भावविभोर हुए श्रद्धालु, धार्मिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ माहौल

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। विकासखंड लालगंज के देवगांव बाजार में श्रीरामलीला सेवा संघ की ओर से आयोजित ऐतिहासिक एवं पारंपरिक रामलीला का बुधवार को भरत मिलाप के साथ समापन हो गया। विजयदशमी मेले के दूसरे दिन भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का भावपूर्ण प्रसंग देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दौरान लखनऊ दूरदर्शन के गायक निशिकांत दुबे उर्फ निशु बाबा की सुरीली प्रस्तुति ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।
भरत मिलाप कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। भगवान श्रीराम और भरत के मिलन के प्रसंग ने लोगों को भाईचारे, प्रेम, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया। वहीं, निशु बाबा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनकी गायकी का दर्शकों ने देर तक आनंद लिया।
गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
समारोह के दौरान श्रीरामलीला सेवा संघ की ओर से गायक निशिकांत दुबे उर्फ निशु बाबा, पत्रकार प्रशांत शुक्ला, देवगांव व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह और कलाकार विजय हंस मौर्य समेत कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संघ ने कहा कि सम्मान का उद्देश्य सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना है।
संघ अध्यक्ष धीरेंद्र गुप्ता उर्फ गोरख और अंकित गुप्ता ब्यास ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में श्रीरामलीला सेवा संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ संगीत कला दर्शन टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है रामलीला
देवगांव की रामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक मानी जाती है। भरत मिलाप के साथ आयोजन का समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम संरक्षक मोहनलाल हलवाई, उपसंरक्षक कपिलदेव चौरसिया, महामंत्री अरुण चौरसिया, अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार साहू उर्फ गोरख, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश सेठ, कोषाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, अंकित गुप्ता ब्यास सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन विजय हंस मौर्य ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *