पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर ब्रश कर रही 11 वर्षीय बच्ची को सांप ने डसा, मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


होनहार कुसुमांजलि यादव की मौत से परिवार में मचा कोहराम, कक्षा चार में पढ़ती थी छात्रा
मऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, कुएं की पटिया हटाने पर नीचे मिला सांप; गांव में पसरा मातम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के हठौता गांव में बुधवार को सांप के काटने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कक्षा चार में पढ़ने वाली होनहार छात्रा की असमय मौत से परिजन बदहवास हैं, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृतका की पहचान हठौता गांव निवासी संजय यादव की पुत्री कुसुमांजलि यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार की सुबह कुसुमांजलि घर के बाहर स्थित एक पुराने कुएं की पटिया पर बैठकर रोजाना की तरह ब्रश कर रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


पढ़ाई में बेहद होनहार थी कुसुमांजलि
कुसुमांजलि दो बहनों और एक भाई में शामिल थी। वह एक निजी विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। उसके पिता संजय यादव पत्रकार होने के साथ ही समाजसेवा से भी जुड़े हैं। पिता के मुताबिक, कुसुमांजलि पढ़ाई में बेहद होनहार थी और अपनी कक्षा में हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करती थी। उसकी प्रतिभा और व्यवहार से परिवार को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
कुएं की पटिया हटाने पर नीचे मिला सांप
परिजनों ने बताया कि बच्ची प्रतिदिन सुबह उसी पुराने कुएं के पास बैठकर ब्रश करती थी। कुएं को पटिया से ढका गया था, इसलिए किसी को वहां सांप मौजूद होने का अंदाजा नहीं था। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों ने कुएं की पटिया हटाकर देखा तो नीचे सांप बैठा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुसुमांजलि को इसी सांप ने डसा होगा।
परिवार की उम्मीदों पर फिरा पानी, गांव में मातम
कुसुमांजलि की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटी से परिवार को भविष्य में बड़ी उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। एक होनहार बच्ची के यूं दुनिया से चले जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *