
12 सितंबर को रियाद में सोते समय हुई थी मौत, क्रेन चालक के रूप में करते थे काम; पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव में शनिवार सुबह सऊदी अरब से चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव (40) का शव पैतृक आवास पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव देखते ही पत्नी, मां और बच्चों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप से गांव में भी मातम छा गया।
चंद्रिका यादव सऊदी अरब के रियाद में रहकर क्रेन चालक का काम करते थे। परिजनों के अनुसार 12 सितंबर की शाम वह रोज की तरह ड्यूटी से लौटे थे। खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। इसी दौरान सोते समय अचानक उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गए।
आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया। वहां से सड़क मार्ग से शनिवार सुबह शव सिंघड़ा स्थित पैतृक आवास पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रेनू यादव, मां लालती यादव और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। गमगीन माहौल में ग्रामीण भी परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
चंद्रिका यादव दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू के अलावा दो पुत्र सक्षम और किशन तथा दो पुत्रियां सेजल और साक्षी हैं। कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।