बीमा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने, पैसा हड़पने और धमकी देने का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी समेत दो पर मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच


आजमगढ़। बीमा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने, कथित रूप से रकम हड़पने और पैसा वापस मांगने पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के एक अधिकारी समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित ग्रीनवुड अपार्टमेंट निवासी विवेकानंद राय ने आरोप लगाया कि बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन निवासी मुकेश कुमार राय, जो आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी में अधिकारी बताए गए हैं, ने वर्ष 2020 में कई चारपहिया और दोपहिया वाहनों का बीमा कराने के नाम पर एसबीआई के चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये लिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद किसी भी वाहन का बीमा नहीं कराया गया। पीड़ित के मुताबिक कोविड महामारी का हवाला देकर मामले को लगातार टाला जाता रहा। बाद में मुकेश कुमार राय अपनी पत्नी रूबी राय उर्फ प्रियंका राय के साथ उनके पास पहुंचे। आरोप है कि पारिवारिक मजबूरी और पिता के इलाज का हवाला देकर 90 हजार और 80 हजार रुपये नकद भी लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद बीमा से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। काफी दबाव बनाने पर फरवरी 2022 में 50 हजार रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 4.70 लाख रुपये नहीं लौटाए गए।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रुपये वापस मांगने पर दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। दूसरे नंबर से संपर्क करने पर कथित रूप से धमकी भी दी गई।
पुलिस ने विवेकानंद राय की तहरीर के आधार पर मुकेश कुमार राय और रूबी राय उर्फ प्रियंका राय के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *