जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिल जगदीशपुर गांव में मचा कोहराम
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिल जगदीशपुर गांव में मंगलवार की शाम सर्पदंश की घटना में 15 वर्षीय किशोरी रानी राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घर के भीतर तेल रखने गई थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, बरहतिल जगदीशपुर निवासी राजेश राजभर उर्फ पपलू की 15 वर्षीय पुत्री रानी राजभर मंगलवार शाम करीब सात बजे घर के भीतर तेल रखने गई थी। इसी दौरान उसे विषैले सर्प ने डस लिया। सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
सीएचसी में डॉक्टर न होने का आरोप
परिजन तत्काल रानी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हूखोर लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल सका। प्राथमिक उपचार न मिलने पर परिजन उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए।
रास्ते में तोड़ा दम
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रानी ने दम तोड़ दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रानी अपने माता-पिता की तीन बेटियों में सबसे छोटी थी। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।