

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कंपोजिट विद्यालय छिही के आसपास हुई कार्रवाई, एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभियान जारी, बिलरियागंज पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि और मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बिलरियागंज पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। स्कूल से घर जा रही छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने और अश्लील इशारे करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर तीनों युवकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थाना बिलरियागंज की मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ग्राम छिही स्थित कंपोजिट विद्यालय के आसपास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूल से घर जा रही छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने और अश्लील इशारे करने के आरोप में क्रिश गौड़ पुत्र महेन्द्र गौड़, निवासी ग्राम छिछोरी, थाना बिलरियागंज को पकड़ा गया।
इस मामले में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 247/26 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसी दौरान विद्यालय के आसपास संदिग्ध अवस्था में खड़े दिलीप पुत्र चन्द्रिका, निवासी ग्राम छिछोरी तथा सनी पुत्र धवन, निवासी ग्राम छिही से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के दृष्टिगत तीनों युवकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जारी
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, महिला कांस्टेबल काजल सिंह और महिला कांस्टेबल प्रेमलता पाण्डेय शामिल रहीं। सभी थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ में तैनात हैं।
पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को लेकर जागरूकता और निगरानी अभियान लगातार चलाया जा रहा है।