अनुशासनहीनता पर एसएसपी का कड़ा एक्शन, कर्तव्य में लापरवाही पड़ी भारी
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना जीयनपुर में तैनात उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य पर एक विवेचना के दौरान उच्चाधिकारियों की अनुमति के बिना गंभीर धाराओं में परिवर्तन करने, विवेचना में लापरवाही बरतने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप हैं। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, थाना सिधारी में तैनात मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार को ड्यूटी के दौरान स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।