युवक की गला दबाकर हत्या मामले में तीन आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नसोपुर अंडरपास से पुलिस ने दबोचा, तीनों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में नाली में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में युवक की मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में यदुवंश मणि त्रिपाठी, रामलाल शर्मा और एक अभियुक्ता शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नसोपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

चकिया बखरिया गांव निवासी वीरेंद्र पाण्डेय ने चार सितंबर को पवई थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि पूर्व में हुई कहासुनी को लेकर नाली में पानी बहाने के विवाद में उनके करीब 30 वर्षीय पुत्र हरिओम पाण्डेय के साथ घर के दरवाजे पर मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपियों ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों के विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पवई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में छह सितंबर को थानाध्यक्ष मनीष पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पोल संख्या 187.8 स्थित नसोपुर अंडरपास पर करीब 2:52 बजे तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यदुवंश मणि त्रिपाठी पुत्र उमाकान्त त्रिपाठी और रामलाल शर्मा पुत्र सहदेव शर्मा दोनों निवासी चकिया बखरिया, थाना पवई, आजमगढ़ हैं। इनके साथ एक अभियुक्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में पवई थाने में मु0अ0सं0 209/2026, धारा 103(1)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी यदुवंश मणि त्रिपाठी के खिलाफ पूर्व में भी पवई थाने में मुकदमा संख्या 0089/2012 दर्ज है। इसमें धारा 149/323/395/452/504/506 भादवि के तहत कार्रवाई की गई थी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनीष पाल, कांस्टेबल राकेश गोड, जमींदार विश्वकर्मा, धीरज वर्मा, रोहन, नितिन मिश्रा तथा महिला कांस्टेबल ज्योति गुप्ता शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *