
झाड़ियों में छिपे सांप ने बच्ची को बनाया शिकार, इकलौती बेटी की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
कुसरना गांव में बच्चों के साथ खेलते समय हुआ हादसा, निजी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कुसरना गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से पांच वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। गांव के स्कूल के पास बच्चों के साथ खेल रही बच्ची को झाड़ियों में छिपे सांप ने डंस लिया। उपचार के दौरान निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कुसरना गांव निवासी अजय कुमार की पांच वर्षीय इकलौती पुत्री पीहू गुरुवार शाम गांव के स्कूल के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने उसे डंस लिया। बच्ची के साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उस समय बच्ची की हालत बिगड़ने लगी थी। परिजन आनन-फानन में उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान पीहू की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पीहू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। इकलौती बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।