आजमगढ़ में खुरपका-मुँहपका टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम-सीडीओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेगा 8वां राउंड अभियान, जागरूकता एम्बुलेंस गांव-गांव पहुंचकर करेगी व टीकाकरण

आजमगढ़। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलने वाले 8वें चरण के विशेष टीकाकरण अभियान का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत आयोजित जागरूकता रैली को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पशुपालन विभाग की गाड़ियां गांव-गांव पहुंचकर मवेशियों का टीकाकरण करेंगी। जिले में कुल 22 ब्लॉक है और हर ब्लाक के लिए विभाग ने एक गाड़ी लगाई है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश गुप्ता ने बताया कि 22 जुलाई से शुरू हुआ टीकाकरण अभियान आगामी 8 सितंबर तक चलेगा। 45 दिनों के इस अभियान के तहत पशुपालकों को अपने मवेशी पशु अस्पतालों पर टीकाकरण के लिए नहीं लाना होगा, बल्कि विभाग की टीम गांव में पहुंचकर मवेशियों का टीकाकरण करेगी। अपर निदेशक पशुपालन डॉ टीपी सिंह ने बताया कि मवेशियों की सुरक्षा को लेकर यह विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य मवेशियों में होने वाली इन बीमारियों को जड़ से खत्म करना है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता एम्बुलेंस निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिले के सभी विकास खंडों, गौ आश्रय स्थलों, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा निजी पशुपालकों तक पहुंचेगी। पशुपालकों को खुरपका-मुँहपका रोग की रोकथाम, बचाव एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

रोस्टर के अनुसार होगा टीकाकरण
पशुपालन विभाग की टीम रोस्टर के अनुसार गांव-गांव जाकर गौवंश एवं अन्य पशुओं का खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण करेगी। साथ ही जरूरतमंद पशुओं का उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

पशुपालकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं और अभियान में सहयोग करें, ताकि जिले को खुरपका-मुँहपका रोग से मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *