थाना मुबारकपुर में चयनित आरक्षियों का सम्मान, पुलिसकर्मियों ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2026 के घोषित परिणाम में थाना मुबारकपुर में तैनात तीन आरक्षियों ने सफलता हासिल कर जनपद पुलिस का गौरव बढ़ाया है। पुलिस ड्यूटी के साथ नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम कर तीनों आरक्षी उपनिरीक्षक पद के लिए चयनित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर थाना मुबारकपुर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी ने चयनित आरक्षियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस सेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हुए निरंतर अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के बल पर उपनिरीक्षक जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता हासिल करना बेहद सराहनीय है। चयनित आरक्षियों की यह उपलब्धि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
समारोह के दौरान थाना मुबारकपुर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चयनित आरक्षियों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षी—
- अखिलेश कुमार तिवारी, निवासी ग्राम देवगढ़ कमासिन, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़।
- सूरज यादव, निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़।
- दीपक सिंह, निवासी ग्राम पगार मठिया बरबात, जनपद कुशीनगर।
जनपद आजमगढ़ पुलिस ने तीनों चयनित आरक्षियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।