
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार देर शाम आजमगढ़ में सपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क के गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने के दौरान सपा नेताओं ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और नीट-2026 अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
नीट आंदोलन और गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
नीट-2026 परीक्षा को लेकर चल रहे देशव्यापी आंदोलन के बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की आवाज़ दबाने और विपक्ष को निशाना बनाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
अंबेडकर पार्क गेट पर धरने पर बैठे सपा नेता
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक संग्राम यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक नफीस अहमद, पूर्व मंत्री चन्द्रदेव राम यादव, नन्द किशोर यादव, युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, बबिता चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। नेताओं ने कहा कि जब तक नीट छात्रों को न्याय नहीं मिलता और विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
पुलिस-प्रशासन में मची हलचल
कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के जुटने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे कलेक्ट्रेट क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए रहा।