सिधारी थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गंभीरवन गांव की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गंभीरवन गांव में मंगलवार की देर शाम रसोई में खाना बनाते समय एक 65 वर्षीय वृद्धा को सांप ने डंस लिया। परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामरती (65) मंगलवार की देर शाम अपने कच्चे मकान की रसोई में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक विषैले सांप ने उनकी दाहिनी हाथ की अंगुली में डंस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्धा की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।