
आजमगढ़ ने नृत्य समूह और खिलौना प्रतियोगिता में मारी बाजी, मऊ व बलिया के प्रतिभागियों का भी रहा शानदार प्रदर्शन
प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित हुई 12 विधाओं की प्रतियोगिता, संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. राजेश कुमार आर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल की ओर से शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस पोखरा में मंडलीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों आजमगढ़, मऊ और बलिया के प्रतिभागियों ने कुल 12 विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान हासिल किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. राजेश कुमार आर्या ने दीप प्रज्ज्वलित करने और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कला उत्सव बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ ही लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद मौर्य ने आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों से आए शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कला प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मकता को विकसित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होती हैं।
कार्यक्रम की आयोजक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरायमीर की प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या वर्मा ने कहा कि कला उत्सव जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नई चीजें सीखने की प्रेरणा जागृत होती है। साथ ही उन्हें अपनी कलात्मक प्रतिभा को निखारने और अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है।

नृत्य समूह और खिलौना प्रतियोगिता में आजमगढ़ प्रथम
प्रतियोगिता के परिणामों में नृत्य समूह और खिलौना प्रतियोगिता में आजमगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। एकल नृत्य में आजमगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। संगीत वादन प्रतियोगिता में बलिया ने प्रथम, मऊ ने द्वितीय और आजमगढ़ ने तृतीय स्थान हासिल किया। एकल संगीत गायन में मऊ प्रथम, आजमगढ़ द्वितीय और बलिया तृतीय स्थान पर रहे।
एकल अवनद्ध (ताल वाद्य) प्रतियोगिता में मऊ ने प्रथम और आजमगढ़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि संगीत वाद्यवृंद में मऊ ने पहला स्थान हासिल किया। समूह संगीत गायन में बलिया प्रथम, आजमगढ़ द्वितीय और मऊ तृतीय स्थान पर रहा।
नाटक प्रतियोगिता में मऊ ने प्रथम, आजमगढ़ ने द्वितीय और बलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कहानी वाचन में बलिया प्रथम, आजमगढ़ द्वितीय और मऊ तृतीय स्थान पर रहे।

दृश्य कला में मऊ का दबदबा
दृश्य कला के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता में मऊ ने प्रथम, आजमगढ़ ने द्वितीय और बलिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। मूर्तिकला प्रतियोगिता में भी मऊ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बलिया दूसरे और आजमगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। खिलौना प्रतियोगिता में आजमगढ़ प्रथम और मऊ द्वितीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में संजय कुमार, सहायक अध्यापक खोरसों; डॉ. इफ्तेखार खान, सहायक अध्यापक बलिया; धीरेन्द्र सिंह, प्रवक्ता डीएवी; अनीता यादव, अग्रसेन इंटर कॉलेज; हरिकेश यादव, प्रवक्ता इंटर कॉलेज ओरा; श्रीमती विधि सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज; रमेश यादव, एसकेपी तथा रेखा यादव, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अतरौलिया सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।