आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, 15 वर्षीय किशोर की मौत, तीन गंभीर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


केशवपुर गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर हुआ भीषण हादसा, चारों बाइक सवारों ने नहीं पहन रखा था हेलमेट

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्व. राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया, जबकि करन, मनीष और सूर्यांशु की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार का सबसे बड़ा बेटा था गोलू
हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। पिता की बचपन में ही मौत हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के लिए वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *