
सैयदवारा बाजार में हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सैयदवारा बाजार में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खैरपुर जगजीवन गांव निवासी 26 वर्षीय जयकिशन कुमार गांव के पास सड़क किनारे मुर्गे की दुकान चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी बाइक से घर से दुकान के लिए निकले थे। जैसे ही वह आजमगढ़-वाराणसी मार्ग स्थित सैयदवारा बाजार के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि जयकिशन सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसी बीच कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मृतक जयकिशन तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।