आजमगढ़ में शिवपाल यादव का बड़ा हमला: “नई शिक्षा नीति फेल, बुलडोजर चला तो सपा करेगी आंदोलन”

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

आलमबदी आज़मी को दी श्रद्धांजलि • छात्रों के समर्थन में उतरे शिवपाल • जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई का किया विरोध • ओमप्रकाश राजभर पर भी साधा निशाना


आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निजामाबाद के दिवंगत वरिष्ठ सपा विधायक आलमबदी आज़मी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।


श्रद्धांजलि के बाद मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया गया है। हालिया छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों ने सरकार का अहंकार तोड़ा है और वे इसके लिए बधाई के पात्र हैं।


रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय पर संभावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शिवपाल यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाया गया तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। छात्र भी इसका विरोध करेंगे और सपा उनके साथ मिलकर आंदोलन करेगी।


जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं पर गंभीर धाराएं लगाकर जेल भेजना लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में बुलडोजर की राजनीति कर लोगों के घर और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसी कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी के टूटने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से अधिक मजबूत होगी। उन्होंने राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वे अपनी पार्टी के विधायकों की चिंता करें। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी का एक विधायक पेपर लीक मामले में आरोपी है और उसे भी जेल जाना चाहिए।


निजामाबाद विधानसभा सीट से दिवंगत विधायक आलमबदी आज़मी के पुत्र को टिकट दिए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उनका पूरा आशीर्वाद आलमबदी आज़मी के पुत्र बाबू के साथ है। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *