तालाब में मिला मछली पालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह, पुलिस ने शुरू की जांच

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम पंचायत में रविवार को मछली पालन के तालाब की रखवाली करने वाले युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथमदृष्टया युवक की मौत तालाब में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तालाब में मिला शव, ग्रामीणों की जुटी भीड़
बखरिया ग्राम पंचायत निवासी पवन गिरि (32) पुत्र प्रेम गिरि मछली पालन के तालाब की रखवाली करता था। रविवार को उसका शव तालाब में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
परिजनों ने उठाए मौत की परिस्थितियों पर सवाल
पवन की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताया है। उनका कहना है कि युवक की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने की मांग की है। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चार भाइयों में सबसे बड़ा था पवन
बताया गया कि पवन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *