अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो पुलिस मुठभेड़ों में 4 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 3 भैंसें बरामद

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

बरदह व दीदारगंज थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता

इन दिनों जिले में बढ़ गई थी मवेशी चोरी की घटनाएं


आजमगढ़। जनपद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरदह और दीदारगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय पशु चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार पहली मुठभेड़ थाना दीदारगंज क्षेत्र के महेमूदपुर पुलिया के पास हुई। पुलिस ने पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजीव पुत्र महबूब अली निवासी ग्राम हंसवर, थाना हंसवर, जनपद अंबेडकरनगर घायल हो गया, जबकि अशरफ उर्फ मोंटू पुत्र शौकत अली निवासी हसनवाही, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया।


दूसरी मुठभेड़ थाना बरदह क्षेत्र के कोहड़ा गांव के पास हुई। पुलिस की चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज पुत्र खदेर निवासी मुरारपुर, थाना अकबरपुर, जनपद अंबेडकरनगर घायल हो गया, जबकि जुबेर पुत्र शोएब निवासी मुहम्मदपुर पट्टिया, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में भी एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की तीन भैंसें, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की भैंस बेचने से प्राप्त ₹7,000 नकद बरामद किए हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रात में विभिन्न जनपदों में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और चोरी किए गए पशुओं को व्यापारियों के माध्यम से बेचकर रकम का आपस में बंटवारा कर लेते थे। आरोपियों ने बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज और कम्हरिया क्षेत्र समेत कुल पांच पशु चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आजमगढ़, जौनपुर और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर, पशु क्रूरता अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जनपद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *