
रैली के माध्यम से देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
अहरौला। अहरौला स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की छात्राओं ने कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राकेश कुमार यादव के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर से भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से छात्राओं ने ग्रामवासियों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

तिरंगा रैली के बाद छात्राओं के बीच विभाजन की विभीषिका एवं उसके ऐतिहासिक प्रभाव पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में नेहा मौर्या, अंकिता और गरिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अनन्या, मानसी, अंकिता एवं आँचल चतुर्वेदी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि शालिनी, रानी दूबे और अनुष्का मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक डॉ. प्रज्ञानंद प्रजापति, डॉ. जमालुद्दीन अहमद एवं डॉ. राकेश कुमार यादव ने विभाजन की त्रासदी, उसके ऐतिहासिक महत्व और उससे मिलने वाली सीख पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को इतिहास के इस दुखद अध्याय से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र प्रकाश ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विभाजन विभीषिका से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कर्मचारीगण एवं समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।