
बदहाल सड़कों, संपर्क मार्गों, कटान और बाढ़ की समस्या को लेकर जयनाथ सिंह ने की प्रेसवार्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि से मांगा जवाब
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जयनाथ सिंह ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को करतालपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने समाजवादी पार्टी के स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए विधायक निधि से कराए गए कार्यों का पूरा हिसाब जनता के सामने सार्वजनिक करने की मांग किया।
उन्होंने ने कहा कि जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा के विधायक और दोनों लोकसभा सीटों पर सपा के सांसद हैं। इसके बावजूद जिले, विशेषकर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क और लिंक मार्ग जर्जर हैं। जगह-जगह सड़कें टूट चुकी हैं और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
भाजपा नेता ने एक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जबकि मौके पर विधायक का बोर्ड लगा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सड़क के लिए बजट स्वीकृत हुआ था तो उसका काम धरातल पर क्यों दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि विधायक निधि से किन-किन कार्यों के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई और उन कार्यों पर कितना खर्च किया गया। उन्होंने विधायक निधि से स्वीकृत सभी कार्यों की सूची और खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग किया।
जयनाथ सिंह ने गोपालपुर क्षेत्र में बाढ़ और कटान की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण इलाकों में सड़क और संपर्क मार्गों की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, महिलाओं और आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
प्रेस वार्ता के दौरान जयनाथ सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आजमगढ़ में सड़क, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में हुए कार्यों को गिनाया।
उन्होंने आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कहा कि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर लंबे समय तक आंदोलन और संघर्ष हुआ। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाना कठिन था। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान लोगों को लाठीचार्ज और जेल तक का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भाजपा सरकार के कार्यकाल में विश्वविद्यालय का सपना साकार हुआ।
जयनाथ सिंह ने कहा कि आजमगढ़ के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। वहीं गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, बाढ़ और कटान जैसी समस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से स्वीकृत और कराए गए सभी विकास कार्यों का पूरा विवरण तथा खर्च का हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनता के सामने विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।