निःशुल्क नेत्र शिविर में 215 से अधिक मरीजों की जांच, दवा और जरूरतमंदों को चश्मे वितरित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

शिविर में 50 से 60 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले, नेत्र रोग विशेषज्ञ ने बच्चों में मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल पर जताई चिंता

हिंदी न्यूज़ 24
लाटघाट। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड स्थित काजी की डिघवनिया पंचायत भवन पर शनिवार को निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। रमा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर नरौली, आजमगढ़ के समाजसेवी डॉ. अमित सिंह के सौजन्य से आयोजित शिविर में 215 से अधिक मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। वहीं, जरूरतमंद मरीजों को चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।

शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज सिंह ने मरीजों की आंखों की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान करीब 50 से 60 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। इसके अलावा नजदीक की वस्तुएं स्पष्ट दिखाई न देने, आंखों में माड़ा आने, पुरानी चोट, जलन, खुजली और आंखों से कीचड़ आने जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीज भी पहुंचे।


डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि मोबाइल और टीवी का अत्यधिक इस्तेमाल आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। खासकर बच्चों में लगातार मोबाइल देखने की आदत के कारण कम उम्र में ही आंखों से संबंधित समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन के इस्तेमाल से दूर रखने और उनकी आंखों की नियमित जांच कराने की अपील की।

समाजसेवी डॉ. अमित सिंह ने कहा कि क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक विभिन्न शिविरों के माध्यम से एक हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण और उपचार किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि जनसेवा भाव से किया गया कार्य ही सबसे बड़ा धर्म है। क्षेत्र में जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मोतियाबिंद, आंखों में माड़ा, जलन, खुजली और कम दिखाई देने जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से निःशुल्क जांच और उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *