
स्नान करने गई थीं रामरति, अचानक भरभराकर गिरी पड़ोसी के मकान की दीवार, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में बृहस्पतिवार दोपहर कच्ची दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बढ़या गांव निवासी रामरति (71) पत्नी स्वर्गीय सोभीराम बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे घर से कुछ दूरी पर बने अस्थायी स्नानघर में नहाने गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी रामप्यारे के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से रामरति गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर रामरति को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल 100 शैय्या अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
रामरति के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके बड़े पुत्र हरिश्चंद्र की पहले ही मौत हो चुकी है। पुत्र हरिनाथ (47), राजनाथ (45) और पुत्री चंद्रबाला (48) विवाहित हैं। बुजुर्ग महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।