
दुर्वासा धाम के पवित्र तमसा-मंजूषा तट से जल लेकर निकली यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर, आजमगढ़। जय मां भवानी समिति के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को जय मां भवानी मंदिर परिसर में संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम के पवित्र तमसा-मंजूषा तट से जल लाकर कलश यात्रा निकाली गई।
बाजे-गाजे और धार्मिक जयघोष के बीच निकली कलश यात्रा में 551 महिलाएं एवं कन्याएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। यात्रा जय मां भवानी मंदिर से शुरू होकर श्रीराम आचारी बाबा मंदिर, शनिचर बाजार, शंकर तिराहा, सिनेमा रोड, रोडवेज और मंगल बाजार होते हुए पुनः जय मां भवानी मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में मंडप की परिक्रमा के बाद कलशों को विधि-विधान से स्थापित किया गया।
कलश यात्रा की अगुवाई मुख्य अतिथि बाल व्यास श्री अखिल जी महाराज ने की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा और पूरा मार्ग धार्मिक जयघोष से गूंजता रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस भी यात्रा के साथ मौजूद रही।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता, प्रवेश पांडेय, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा के शुभारंभ के साथ ही जय मां भवानी मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।