अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की दी धमकी, घर में घुसकर किया मारपीट

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंचे दो लोगों पर भी हमला, न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का कथित अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर चार लोगों ने रंजिश के चलते घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और एक रिश्तेदार पर भी लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, गांव का एक युवक युवती को डराने-धमकाने के साथ कथित तौर पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता था। आरोप है कि वह उसके साथ आए दिन छेड़खानी करता था। इससे परेशान होकर युवती ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसने का आरोप
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 18 फरवरी 2026 की सुबह करीब नौ बजे चार आरोपी एक राय होकर हॉकी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर युवती के घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए युवती के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे युवती के भाई और रिश्तेदार पर भी जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, दोनों के सिर पर वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। एक घायल के बेहोश होकर जमीन पर गिरने की बात भी FIR में कही गई है।
पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजा गया। आरोप है कि इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
दस्तावेज के अनुसार न्यायालय के आदेश पर 1 सितंबर 2026 को सरायमीर थाने में FIR दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 352, 351(3), 333, 110, 118(1) और 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *