
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की कार्रवाई, विभागीय जांच के भी दिए गए आदेश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के भी आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा पर थाना पवई में तैनाती के दौरान पंजीकृत कई मुकदमों की विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। इनमें लूट का एक मामला, जिसे बाद में डकैती की धारा में परिवर्तित किया गया, भी शामिल है। आरोप है कि उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद उन्होंने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया और मुकदमों के निस्तारण में भी रुचि नहीं दिखाई।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि क्षेत्र में भ्रमण, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान उपनिरीक्षक का आमजन के प्रति व्यवहार अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण रहा, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर एसएसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।