
मुबारकपुर में बाइक डिवाइडर से टकराई, महराजगंज में बाइक की टक्कर से महिला की गई जान; दो घायल
बलरामपुर। जिले में मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में ई-रिक्शा कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बिहार के कटिहार जनपद के पकड़िया महुजा गांव निवासी 30 वर्षीय नवरत्न की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में नवरत्न और उनके साथी 22 वर्षीय विपुल घायल हो गए।
यूपीडा की टीम दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान नवरत्न की मौत हो गई, जबकि विपुल को मामूली चोटें आईं।
परिजनों के अनुसार नवरत्न पूर्णिया में ई-रिक्शा का शोरूम संचालित करते थे। उनकी शादी मात्र पांच महीने पहले हुई थी। वह अपने साथी के साथ लखनऊ जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
दूसरा हादसा महराजगंज थाना क्षेत्र के चपरी गांव के पास हुआ। 55 वर्षीय नरमी देवी अपने पुत्र तेज कुमार के साथ दवा लेकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आए एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरमी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं तेज कुमार का उपचार जारी है। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है।