महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


देशभक्ति गीत, झांकी और प्रेरक भाषणों से गूंजा विद्यालय परिसर


आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, अकादमिक डायरेक्टर राम नयन मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल युद्ध के वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा अदिति मिश्रा ने “ऐ मेरे वतन के लोगों…” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं कक्षा चार के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कारगिल विजय दिवस पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रही, जिसने भारतीय सैनिकों के शौर्य और देशप्रेम का सजीव चित्रण किया। छात्राओं इशिता दुबे एवं गरिमा सिंह ने अपने प्रेरक भाषणों में कारगिल युद्ध के इतिहास, महत्व और भारतीय सैनिकों की वीरता पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।


विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। अकादमिक डायरेक्टर राम नयन मौर्य ने कारगिल विजय दिवस को राष्ट्रीय गौरव का पर्व बताते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों की शहादत और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *