
ओझौली गांव के पास नहाने के दौरान हादसा, दो पुत्र व तीन पुत्रियों के सिर से उठा पिता का साया
बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओझौली गांव के पास मंगलवार की दोपहर तमसा नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक राजगीर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
भुवना बुजुर्ग गांव निवासी 35 वर्षीय नागेश राजभर राजगीर मजदूर थे। मंगलवार को वह गांव के चार-पांच युवकों के साथ ओझौली गांव के पास तमसा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देर शाम उनका शव नदी से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक नागेश राजभर अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।