
अचानक उल्टी होने के बाद सड़क किनारे गिरे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलरामपुर। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बेगपुर गांव के पास मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में साइकिल सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मौना गांव निवासी रामदरश शर्मा (50) मंगलवार सुबह गांव की एक महिला के साथ साइकिल से निकले थे। दोपहर बाद दोनों बेगपुर गांव के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामदरश को अचानक उल्टी हुई, जिसके बाद वह सड़क किनारे गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।