
भोर में भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबकर 75 वर्षीया राजकुमारी हुई थी घायल, इलाज के दौरान मौत
बलरामपुर। देवगांव थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में बुधवार की भोर बड़ा हादसा हो गया। कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 75 वर्षीय राजकुमारी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सुबह करीब 9:30 बजे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भोजपुर गांव निवासी राजकुमारी प्रजापति पत्नी कुहेस राम प्रजापति बुधवार की भोर करीब चार बजे कच्चे मकान में सो रही थीं। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर ढह गया और राजकुमारी मलबे में दब गईं। हादसे के बाद परिजनों ने किसी तरह उन्हें मलबे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
राजकुमारी प्रजापति दो पुत्र और एक पुत्री की मां थीं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।