
महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहनों से 23 गर्भित भैंस, 10 दुधारू भैंस और 10 बच्चे मिले; पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट : मनोज कुमार गोंड
आजमगढ़। पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों से कुल 43 भैंसों को बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद पशुओं में 23 गर्भित भैंस, 10 दुधारू भैंस और 10 भैंस के बच्चे शामिल हैं। मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है। FIR के अनुसार कार्रवाई 13 अगस्त 2026 की भोर करीब 3:15 बजे की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
FIR में दर्ज विवरण के अनुसार पुलिस टीम को रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक और दो डीसीएम वाहनों में दुधारू व गर्भित भैंस को कथित रूप से क्रूरता पूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई। जमीनपुर गांव में राजेश यादव की किराना दुकान के पास सड़क किनारे तीन वाहन खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने तीनों वाहनों को घेरकर उनमें सवार लोगों से पूछताछ की। FIR के मुताबिक वाहनों में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वे किसानों से पशु खरीदकर उन्हें मैनपुरी समेत अन्य पशु मेलों में ले जाकर बेचते हैं।
रस्सी से बांधकर वाहनों में ठूंसे गए थे पशु
पुलिस के मुताबिक वाहनों की तलाशी लेने पर पशुओं को रस्सियों से बांधकर वाहनों में लादा गया था। FIR में उल्लेख है कि कई भैंसों के मुंह रस्सी से बांधे गए थे और पशुओं के बीच पर्याप्त जगह नहीं थी। कुछ पशु हांफते हुए मिले तथा वाहनों में पानी और हवा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने बरामद पशुओं को वाहनों से नीचे उतारा और आसपास के घरों से पानी की व्यवस्था कराई। इसके बाद सभी पशुओं को तीनों वाहनों में अलग-अलग लादकर थाने लाया गया तथा उनके चारे-पानी की व्यवस्था कराई गई।
नौ आरोपी गिरफ्तार
FIR में गिरफ्तार आरोपियों के नाम यादवेन्द्र सिंह, सोहराब खान, कालीचरन यादव, मातबर यादव उर्फ लड्डू, अवनीश कुमार, सुनील यादव, मुदस्सीर, नसीम और मोहम्मद दर्ज हैं।
तीन वाहनों पर भी कार्रवाई की तैयारी
बरामदगी में UP 82 AT 5225 डीसीएम, UP 82 AT 2274 डीसीएम और UP 84 T 1103 ट्रक का उल्लेख है। FIR के अनुसार इन वाहनों के कागजात की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जानी है।