
महाराष्ट्र से बरामद हुई थी किशोरी, आरोपी के कब्जे से जेवरात भी बरामद
आजमगढ़। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को निजामाबाद पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पीड़िता के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को एक महिला ने निजामाबाद थाने में शिकायत दी थी कि उनकी 16 वर्षीय किशोरी को तोवा गांव निवासी अल्तमस अंसारी बहला-फुसलाकर परिवार के जेवरात के साथ अपने साथ ले गया। मामले में 9 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने 8 अगस्त को महाराष्ट्र से किशोरी को बरामद किया। किशोरी के बयान, साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गुरुवार को उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शेरपुर तिराहे से करीब 10:30 बजे अल्तमस अंसारी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मिले काले बैग से एक कमरबंद, एक जोड़ी पायल, 16 पीस मीना, चार कंगन, मंगलसूत्र, दो अंगूठियां और एक जोड़ी झुमका बरामद हुआ। पुलिस ने इन आभूषणों की पहचान प्रकरण से संबंधित पीड़िता के जेवरात के रूप में की है।
आरोपी के खिलाफ निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 83/2026 के तहत धारा 87, 137(2), 352, 351(3), 64(2) बीएनएस और 5(J)(II)/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, कांस्टेबल अवधेश सिंह और रिजर्व कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।