
परिजनों ने ऑपरेशन के बाद इलाज में लापरवाही और अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का लगाया था आरोप
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने प्रसूता कौशिल्या की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश हॉस्पिटल से जुड़े नामजद आरोपी राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शाहडीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू कौशिल्या को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समुचित उपचार नहीं किया। बाद में गंभीर हालत बताकर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का भी आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलरियागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महाराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर से आरोपी राजेश गुप्ता (54 वर्ष), निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोई बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, आरक्षी समरपाल यादव, प्रभाकर पटेल तथा महिला आरक्षी कोमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।