
महाराजगंज थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, एक गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बजरंग चौक स्थित एसबीआई बैंक के पास से विकास यादव निवासी उरसकुड़वा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड तथा ₹1,220 नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी आधार कार्ड बनाकर विभिन्न लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाता था और साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में मंगाकर जनसेवा केंद्रों व एटीएम के माध्यम से नकद निकालता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने भाई आकाश यादव, राजू निषाद और मोहन त्रिपाठी समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से यह नेटवर्क संचालित करने की बात कबूल की। गिरोह फेसबुक पर विदेशी नागरिक बनकर फर्जी प्रोफाइल तैयार करता, महिलाओं से दोस्ती कर महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देता और बाद में कस्टम चार्ज के नाम पर ठगी करता था। जांच में आरोपी के बैंक खाते से जुड़ी साइबर शिकायत भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 318(4), 336(3), 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।