“पापा ने पहले मां को गोली मारी… फिर दोनों पंडित जी को, भाई को भी नहीं छोड़ा”

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


अहरौला हत्याकांड में घायल बड़ी बेटी का वीडियो बयान आया सामने, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज, छह माह की मासूम भी भर्ती

हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर/आजमगढ़। शंभूपुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद घायल बड़ी बेटी का वीडियो बयान सामने आया है। जिला अस्पताल में इलाज करा रही बेटी ने घटना को याद करते हुए बताया कि उसके पिता अरविंद सिंह ने पहले उसकी मां बबीता को गोली मारी। इसके बाद घर में मौजूद दोनों पंडित जी को भी गोली मार दी। बेटी के अनुसार, बाद में उसके भाई शौर्य को भी पिता ने गोली मार दी।
घटना के बाद घायल बड़ी बेटी परी और करीब छह माह की उसकी छोटी बहन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बड़ी बेटी के बयान ने पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों को झकझोर दिया है।
चार लोगों की गोली मारकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, घटना में अरविंद सिंह पर अपनी पत्नी बबीता पत्नी अरविंद सिंह, पुत्र शौर्य पुत्र अरविंद सिंह तथा महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा नामक दो पंडितों को गोली मारने का आरोप है। चारों की मौत हो गई। वहीं, पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से अरविंद सिंह भी घायल हुआ और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करीब सात घंटे तक बच्चों को बनाए रखा बंधक
बताया गया कि पत्नी और दोनों पंडितों की हत्या के बाद अरविंद सिंह ने अपने तीन बच्चों को घर में बंधक बना लिया था। करीब सात घंटे तक पुलिस और सुरक्षा टीमों की कार्रवाई के बीच बच्चे घर के अंदर रहे। रात करीब एक बजे अरविंद सिंह ने अपने पुत्र शौर्य को भी गोली मार दी।
इसके बाद एटीएस, एसओजी और जनपद पुलिस की टीम ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, अरविंद सिंह ने टीम पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से अरविंद सिंह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मासूमों के सामने उजड़ गया पूरा परिवार
घटना के बाद शंभूपुर गांव में मातम पसरा है। एक ओर चार लोगों की हत्या से गांव स्तब्ध है, वहीं दूसरी ओर घायल बेटी के बयान ने घटना की भयावहता सामने ला दी है। जिस बच्ची ने अपनी आंखों के सामने मां, बाप और भाई को खो दिया, वह खुद और उसकी छह माह की मासूम छोटी बहन भी अस्पताल में भर्ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *