एक साथ उठीं तीन चिताएं, भतीजी ने चाचा-चाची और भाई को दी मुखाग्नि

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


राजघाट पर एक साथ हुआ मां, पिता और बेटे का अंतिम संस्कार, नम हुईं हर आंखें

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नगर के राजघाट पर बुधवार को बेहद मार्मिक दृश्य देखने को मिला। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में हुई दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले मां, पिता और उनके बेटे का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। तीनों शवों को अगल-बगल चिताओं पर रखा गया तो घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंतिम संस्कार के दौरान बीच में बेटे की चिता सजाई गई, जबकि उसके दोनों ओर मां और पिता की चिताएं रखी गईं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ अंतिम विदाई का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध था। परिवार और रिश्तेदारों के बीच कोहराम मचा रहा और राजघाट का माहौल गमगीन बना रहा।
इसी दौरान मृतक अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की बेटी वर्षा सिंह भी राजघाट पहुंचीं। वर्षा ने अपने चाचा, चाची और भाई को मुखाग्नि दी। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों को मुखाग्नि देते समय वर्षा को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
घटना के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए राजघाट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
शंभूपुर गांव की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद गांव से लेकर राजघाट तक मातम का माहौल रहा। तीन चिताओं से उठती लपटों के बीच परिवार ने अपने तीन सदस्यों को अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *