
पांच वर्षीय आरिज की मौत से उठे कई सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा बड़ा खुलासा
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी मोहम्मद वहाबुद्दीन का पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिज चार दिन पहले घर के बाहर खेलते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
रविवार सुबह गांव के लोगों की नजर घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में उतराते एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान लापता मासूम आरिज के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची मुबारकपुर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
मासूम की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन तक लापता रहने के बाद बच्चे का शव पोखरी में मिलना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।