किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


महराजगंज थाना क्षेत्र के नवबरार देवारा जदीद किता-2 गांव का था निवासी, डी-फार्मा करने के बाद मेडिकल स्टोर पर कर रहा था काम
बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलरिया की चुंगी स्थित एक किराये के कमरे में रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


महराजगंज थाना क्षेत्र के नवबरार देवारा जदीद किता-2 गांव निवासी 23 वर्षीय बृजेश यादव डी-फार्मा की पढ़ाई पूरी करने के बाद शहर के एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। वह बिलरिया की चुंगी स्थित एक किराये के कमरे में रहकर नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ था। शनिवार को उसका बड़ा भाई दिनेश यादव उसे डॉक्टर को दिखाकर घर लौट गया था।


रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। मकान मालिक ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो बृजेश का शव पंखे से बेडशीट के सहारे लटकता मिला।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बृजेश दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *