मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ शहर

फूलपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास देर रात हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बलरामपुर। फूलपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार, सैदपुर गांव निवासी लाली देवी (60) पत्नी राजबहादुर पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। मृतका के पुत्र लालचंद ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे शाहगंज की ओर से आ रही ट्रेन के सामने सैदपुर रेलवे फाटक के पास अचानक पहुंच जाने से यह हादसा हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लाली देवी अपने पीछे पति, दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *