
आजमगढ़। इंस्टाग्राम पर ड्रोन कैमरा खरीदने का विज्ञापन देखकर लिंक पर भुगतान करना बरदह थाना क्षेत्र के एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने उसके खाते से ₹3,400 की रकम उड़ा दी। हालांकि पीड़ित की शिकायत पर बरदह साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस उसके बैंक खाते में करा दी।
बरदह थाना क्षेत्र के खरगीपुर निवासी अमित यादव पुत्र सुन्दर यादव ने 15 मार्च 2026 को इंस्टाग्राम पर ड्रोन कैमरा खरीदने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्होंने भुगतान किया, लेकिन इसके बाद उनके साथ ₹3,400 की साइबर ठगी हो गई। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने उसी दिन एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत संख्या 33103260058845 दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही बरदह साइबर हेल्प डेस्क सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक खाते में ठगी की रकम को तत्काल होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर एमआरएम (Money Restoration Module) पोर्टल के माध्यम से ठगी की पूरी रकम ₹3,400 पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली।