
डीएम रविंद्र कुमार ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर्स हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या की गणना को लेकर आजमगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना कार्य को सफल, सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए चयनित 164 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को शुरू हुआ। चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल, हरबंशपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रविंद्र कुमार ने किया।
उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके सफल संचालन में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में पूरी गंभीरता, अनुशासन और मनोयोग के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। ऐसे में प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को पूरी तरह समझना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक जानकारी हासिल करने के साथ ही अपनी शंकाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर भ्रम या कठिनाई न हो, इसके लिए सभी फील्ड ट्रेनर्स को तकनीकी व्यवस्थाओं और निर्धारित प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
जनपद में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 164 फील्ड ट्रेनर्स को विभिन्न बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना-2027 के दूसरे चरण की गणना प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन, प्रपत्रों, तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रशिक्षण स्थल पर समय से पहुंचने और प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर और प्रशिक्षणार्थी फील्ड ट्रेनर्स मौजूद रहे।