
रौनापार क्षेत्र में सुबह हुआ दर्दनाक हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत महुला-गढ़वल बांध से खरैलिया जाने वाले मार्ग पर स्थित एक सरकारी विद्यालय के पास शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान चंद्रावती सिंह (65 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय नागेंद्र सिंह, निवासी मसूरियापुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंद्रावती सिंह शनिवार सुबह खरैलिया से अपने गांव मसूरियापुर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।