RSS के कार्यक्रम में पहुंचे कुलपति का समाजवादी छात्रसभा ने किया विरोध, पुलिस से धक्का-मुक्की

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत


हरिऔध कला केंद्र में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे थे कुलपति डॉ. संजीव कुमार, छात्रसभा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
विरोध के दौरान पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, कई छात्र हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची पुलिस

आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार का समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली ले गई।


हरिऔध कला केंद्र में आरएसएस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। कुलपति के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी मिलने पर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता भी हरिऔध कला केंद्र पहुंच गए।
कुलपति के खिलाफ की नारेबाजी
कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर कुलपति के कार्यक्रम में शामिल होने का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इसी दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने का प्रयास किया।


वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने पर जताई आपत्ति
विरोध कर रहे समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय के कुलपति को किसी राजनीतिक अथवा वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने से बचना चाहिए। इसी को लेकर उन्होंने कुलपति के कार्यक्रम में शामिल होने पर आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन किया।


कई छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची पुलिस
विरोध और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने कई छात्रसभा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें कोतवाली लेकर पहुंची। उधर, पुलिस की मौजूदगी में हरिऔध कला केंद्र में कार्यक्रम जारी रहा। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *