दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड में 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

पवई पुलिस की कार्यशैली पर उठने लगे सवाल, तीन टीमें लगातार दे रहीं दबिश, मुख्य आरोपी अब भी फरार


आजमगढ़: पवई थाना क्षेत्र के चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड के छह दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले के खुलासे के लिए गठित तीन पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक केवल तकनीकी सुराग ही हाथ लगे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक परिवार में आक्रोश है, जबकि क्षेत्रीय लोगों के बीच पवई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।


पुलिस सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों की अलग-अलग स्थानों की लोकेशन मिली है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे ठिकाना बदल दे रहे हैं, जिससे गिरफ्तारी में लगातार देरी हो रही है।


इधर, छह दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दोहरे हत्याकांड जैसे जघन्य मामले में अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उनका कहना है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।


थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *